पंतनगर विवि परिसर में चल रहे किसान मेले में कार हटाने को लेकर तीन युवतियों और कार सवार चार युवकों के बीच विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हो गई। आरोप है कि इस दौरान युवकों ने युवतियों से छेड़छाड़ भी की। युवतियों की शिकायत पर थाना पुलिस ने चार अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, रुद्रपुर निवासी युवतियों का किसान मेले में स्टॉल लगा था। रविवार रात करीब आठ बजे युवतियां कार से अपने स्टॉल पर सामान लेने पहुंची थीं। मेले में भीड़ अधिक होने के कारण उन्होंने कार रास्ते में खड़ी की और सामान लोड करने लगीं। इसी दौरान पीछे से एक कार में सवार चार युवक पहुंचे और हॉर्न बजाकर कार हटाने को कहा। युवतियों ने पहले स्टॉल से सामान रखने और उसके बाद कार हटाने की बात कही। इस पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। आरोप है कि युवक नशे में थे और उन्होंने युवतियों से छेड़छाड़ भी की। शोरशराबे की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे सुरक्षा अधिकारी डॉ. पीवी सिंह व उनकी टीम को भी युवतियों ने खूब खरी-खोटी सुनाई। इसके बाद युवतियों ने थाने पहुंचकर मामले की तहरीर सौंपकर युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। आरोप है कि पुलिस की हीलाहवाली के चलते हंगामा देर रात 12 बजे तक चलता रहा और अंततः पुलिस को प्राथमिकी दर्ज करनी पड़ी। बताया जा रहा है कि युवतियों में एक अधिवक्ता और एक विहिप नेता की बेटी और एक नाबालिग बताई जा रही है जबकि युवकों में दो पंतनगर, एक शांतिपुरी और एक रुद्रपुर का बताया जा रहा है। इधर, किसान मेले में पहुंचने के सभी मार्गों पर सुरक्षा विभाग की ओर से बैरिकेडिंग कर गार्डों को तैनात किया गया है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि इसके बावजूद मेले के अंदर दोनों वाहन कैसे पहुंच गए। प्रभारी सीओ विभव सैनी ने बताया कि रुद्रपुर के आवास विकास निवासी कुंवर पुष्पेंद्र सिंह की तहरीर पर पुलिस ने कार सवार चार अज्ञात युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मामले की जांच एसआई दिनेश रावत को सौंपी गई है।