काशीपुर के चैती परिसर स्थित प्राचीन स्वयंभू भीमशंकर मोटेश्वर महादेव मंदिर में शिवरात्रि के पावन पर्व पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। देर रात से ही कांवड़ियों और श्रद्धालुओं ने शिवलिंग के दर्शन कर दूध, गंगाजल और धतूरा चढ़ाया। मंदिर परिसर में सुबह से ही दर्शनार्थियों की लंबी कतार लगी रही। मोटेश्वर महादेव पर जल चढ़ाने के लिए दूर-दूर से भक्त अपनी मनोकामना लेकर पहुंचे। इस अवसर पर मंदिर परिसर में एक भव्य मेले का भी आयोजन किया गया, जहां बच्चों के लिए झूले, खिलौने और स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए। मेले में उमड़ी भीड़ ने पर्व के महत्व को और बढ़ा दिया।