दरोगा पर तमंचा तानकर गोली मारने की धमकी देने वाले तीन अभियुक्तों से फाजिलपुर महरौला क्षेत्र में पुलिस की मुठभेड़ हो गई। बदमाशों की तरफ से पुलिस बल पर दो फायर किए गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी रिशु श्रीवास्तव के पैर में गोली लगी। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। घायल को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। बीते 10 जुलाई को कोतवाली के उपनिरीक्षक चंदन सिंह बिष्ट ने रात्रि गश्त के दौरान इंद्रा चौक के पास एक क्रेटा कार को रोका। कार सवार कुछ युवकों ने गालीगलौज करते हुए तमंचा दिखाकर पुलिसकर्मी को जान से मारने की धमकी दी। वाहन रोकने के प्रयास में आरोपी सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त कर फरार हो गए थे। प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, वाहन नंबर, सर्विलांस व एसओजी की मदद से अभियुक्तों की पहचान कर उनके ठिकानों पर दबिश देनी शुरू की लेकिन वे हाथ नहीं लगे।