काशीपुर में दिव्यांगों को आर्थिक सहायता के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए जरूरी उपकरण उपलब्ध कराना भी आवश्यक है। दुर्घटनाओं में हाथ-पैर गंवाने वाले लोगों को कृत्रिम अंग उपलब्ध होने से वे दोबारा सामान्य जीवन जीने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। यह बात शनिवार को नैनीताल-ऊधम सिंह नगर सांसद अजय भट्ट ने रामलीला मैदान में आयोजित सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम में कही। कार्यक्रम के दौरान 93 दिव्यांगों सहायक उपकरण वितरित किए गए। सांसद ने कहा कि रुद्रपुर जिला अस्पताल में कृत्रिम अंगों से संबंधित सुविधा शुरू हो चुकी है। इससे जरूरतमंद लोगों को लाभ मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड (ईआईएल) ने सीएसआर के तहत भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम कानपुर के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में 93 पूर्व चिह्नित दिव्यांगों को करीग 40 लाख रुपये मूल्य के 178 सहायक उपकरण निशुल्क बांटे। विशिष्ट अतिथि के रूप में काशीपुर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, ईआईएल के स्वतंत्र निदेशक आशीष गुप्ता, मेयर दीपक बाली और ईआईएल के वरिष्ठ महाप्रबंधक सुदीप मजूमदार मौजूद रहे। समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरुद्ध, एएलआईएमसीओ के वरिष्ठ प्रबंधक विकास शर्मा, नीरज यादव भी उपस्थित रहे। वितरित उपकरणों में मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, जॉयस्टिक व्हीलचेयर, व्हीलचेयर, बीटीई श्रवण यंत्र, टीएलएम किट, बैसाखी, छड़ी, दृष्टिबाधित किट, वॉकर सहित अन्य उपकरण वितरित किए गए।