काशीपुर। नगीना सांसद एवं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के संस्थापक एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद ने रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था को प्रमुख मुद्दा बताते हुए सरकार से इन पर गंभीरता से काम करने की बात कही। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कई फैक्ट्रियां और औद्योगिक इकाइयां होने के बावजूद स्थानीय युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। युवा नौकरी के लिए परेशान हैं, लेकिन सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने हाल में हुई बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की बर्बाद हुई फसलों का मुद्दा भी उठाया। कहा कि किसानों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाकर उनके नुकसान की भरपाई के लिए आवाज उठाई जाएगी। चंद्रशेखर आजाद ने बताया कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन की मजबूती और आगामी रणनीति पर चर्चा की जाएगी। 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने और पार्टी को मजबूत करने पर विशेष जोर रहेगा।