टिहरी गढ़वाल के कीर्तिनगर क्षेत्र में ढुंडेश्वर महादेव मंदिर के समीप नदी में नहाने के दौरान एक व्यक्ति तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। उसकी पहचान दिनेश लाल (53) पुत्र हीरालाल, निवासी ग्राम जाखी डागर, थाना कीर्तिनगर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दिनेश लाल अपने गांव से एक डोली के साथ ढुंडेश्वर महादेव मंदिर आए थे। इस दौरान वह मंदिर के समीप नदी में स्नान करने गए, जहां तेज बहाव में बह गए। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम नदी में बहे व्यक्ति की तलाश में सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चला रही है। फिलहाल व्यक्ति का पता नहीं चल पाया है और तलाश जारी है।