प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी ने देवप्रयाग में मां गंगा का पूजन कर उनकी लंबी आयु और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की चौतरफा प्रगति के लिए प्रार्थना भी की। तीर्थ पुरोहित पंडित जमुना प्रसाद डबराल ने बलूनी को विधि-विधान से पूजा करवाई और प्रधानमंत्री के मंगलमय जीवन की कामना करते हुए उनके हाथ पर कलावा भी बांधा। इस दौरान विधायक विनोद कंडारी ने भी बलूनी के साथ गंगा पूजन किया। श्री रघुनाथ कीर्ति परिसर के छात्रों ने इस अवसर पर स्वस्ति वाचन भी किया।