मदननेगी में केंद्रीय विद्यालय का शुभारंभ, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह ने किया उद्घाटन नई टिहरी। प्रतापनगर के मदननेगी में केंद्रीय विद्यालय का विधिवत शुभारंभ हो गया। टिहरी सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह ने रिबन काटकर विद्यालय का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय का निरीक्षण कर छात्र-छात्राओं से संवाद भी किया। सांसद ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय के संचालन से क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षिक अवसर मिलेंगे। साथ ही यह ग्रामीण क्षेत्रों से पलायन रोकने में भी सहायक साबित होगा। विद्यालय के प्रधानाचार्य एम.एस. रावत ने बताया कि वर्तमान शैक्षणिक सत्र में कक्षा एक से पांच तक की पढ़ाई शुरू कर दी गई है। पहले सत्र में 116 छात्र-छात्राओं ने प्रवेश लिया है।