केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर नाली निर्माण के लिए खोदे गए बड़े-बड़े गड्ढे दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं। संबंधित ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य बीच में रुकने से सड़क पर गहरे गड्ढे खुले पड़े हैं, जिससे राहगीरों, वाहन चालकों और स्कूली बच्चों की जान जोखिम में है। निर्माणाधीन कार्य के चारों और रिफ्लेक्टर टैपिंग न होने और चेतावनी बोर्ड न होने के कारण ये रात के समय बड़ी दुर्घटनाओं को भी जन्म दे रहा है। स्थानीय दुकानदार कमलेश जमलोकी ने बताया कि भारी वाहनों के पहिए उनकी दुकान तक पहुंच रहे हैं, जिससे व्यापार प्रभावित होने के साथ किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। उन्होंने इसे दिल्ली में गड्ढे के कारण हुए बाइक सवार की मौत जैसे हादसे से जोड़ते हुए ठेकेदार और प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठाया। इधर, चोपता घाटी में बर्फबारी के चलते पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है और कुछ ही महीनों में केदारनाथ यात्रा भी शुरू होने वाली है। ऐसे में व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा इंतजामों का अभाव बड़ी दुर्घटना को न्योता दे रहा है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि नाली निर्माण कार्य शीघ्र पूरा किया जाए या गड्ढों को सुरक्षित रूप से ढककर बैरिकेडिंग और रिफ्लेक्टर लगाए जाए, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके।