जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से बृहस्पतिवार को चोपता-तुंगनाथ क्षेत्र में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। प्राधिकरण की सचिव पायल सिंह के नेतृत्व में हुए अभियान में उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय लोग और पर्यटकों ने भाग लिया। अभियान के दौरान क्षेत्र से कूड़ा-कचरा एकत्र कर उसका उचित निस्तारण किया गया। साथ ही पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सार्वजनिक स्थलों, पैदल मार्गों और प्राकृतिक क्षेत्रों में कूड़ा न फैलाने के लिए जागरूक किया गया। सचिव पायल सिंह ने कहा कि चोपता-तुंगनाथ धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र है। इसकी स्वच्छता और प्राकृतिक सुंदरता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और प्लास्टिक का खुले में निस्तारण न करने की अपील की। एसडीएम अनिल रावत ने कहा कि पर्यटन गतिविधियां बढ़ने के साथ स्वच्छता बनाए रखना चुनौती है। प्रशासन, स्थानीय लोगों, व्यापारियों और पर्यटकों के सामूहिक प्रयास से ही क्षेत्र को स्वच्छ रखा जा सकता है।