देहरादून रोड स्थित ईदगाह चौक के पास संचालित जीवनदीप अस्पताल पर मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। एसीएमओ डॉ. रमेश कुंवर के नेतृत्व में हुई इस छापेमारी में अस्पताल में भारी अनियमितताएं उजागर हुईं। विभागीय जांच में सामने आया कि अस्पताल को केवल ओपीडी और जनरल आईपीडी की अनुमति है, लेकिन यहां मरीजों के बड़े ऑपरेशन किए जा रहे थे। जिस पर टीम ने ओटी और तीन कक्षों को सील कर दिया। कुछ भर्ती मरीजों को सिविल अस्पताल में शिफ्ट कराया गया।