28 जनवरी से 14 फरवरी तक 38 वें राष्ट्रीय खेल उत्तराखंड के नेतृत्व में आयोजित किए जाने हैं। इसी के तहत रामलीला मैदान से राष्ट्रीय खेल सचिवालय की ओर से भेजे गए प्रचार-प्रसार वाहन को डीएम ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान बच्चों और आईटीबीपी जवानों ने नगर में रैली भी निकाली। डीएम विनोद गोस्वामी ने कहा कि पिथौरागढ़ को बॉक्सिंग खेल की मेजबानी का नेतृत्व मिला है। इससे जनपद को बॉक्सिंग के क्षेत्र में अलग पहचान मिलेगी। उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि राष्ट्रीय खेलों में अधिक से अधिक पदक जीत नाम रोशन करें। खेल अधिकारी अनूप बिष्ट ने बताया कि एक जनवरी की सुबह नौ बजे से सुरेंद्र सिंह वल्दिया स्पोर्ट्स स्टेडियम से देव सिंह मैदान तक मशाल रैली निकाली जाएगी। इसके जरिए राष्ट्रीय खेलों के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। वहां सीडीओ डॉ. दीपक सैनी, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष महेंद्र लुंठी, महासचिव ललित पंत, डॉ. जगदीश नेगी, राजेंद्र भट्ट, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल केएस बिष्ट, डॉ. हेम चंद्र पांडे, डीईओ तरुण पंत, कमलेश पाल, जीएस बोहरा आदि रहे।