पिथौरागढ़ नगर के जल स्रोतों में कोलीफॉर्म के साथ ही खनिज भी अधिक है जो पीलिया, टायफाइड और पथरी का कारण बन रहा है। जल निगम की जांच में यह बात सामने आई है। कोलीफॉर्म के चलते जल स्रोतों का पानी दूषित हो गया है इससे इन बीमारियों का प्रकोप बढ़ गया है। इन दिनों नगर में पीलिया, टायफाइड का प्रकोप बढ़ गया है। जिला अस्पताल में 50 से अधिक रोगी भर्ती हैं, इनमें बच्चों की संख्या अधिक है। जल निगम के मुताबिक नगर के जल स्रोतों में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया मौजूद है जो इन बीमारियों का कारण बना है। जल निगम के मुताबिक नगर में 10 से अधिक प्राकृतिक जल स्रोत हैं इसके पानी का उपयोग लोग कर रहे हैं। कोलीफॉर्म की अधिकता से इनका पानी दूषित हो गया है इससे लोग पीलिया और टायफाइड की जकड़ में आ रहे हैं। जल निगम के ईई रंजीत धर्मसक्तू के अनुसार नगर के जल स्रोतों में कोलीफॉर्म अधिक मिला है। वहीं इन स्रोतों के पानी में खनिज की भी मात्रा अधिक है। वहीं सीएमओ डॉ. जेएस नबियाल ने कहा कि दूषित पानी से पीलिया, टायफाइड रोग हो सकते हैं। कोलीफॉर्म भी जल जनित रोगों का कारण बनता है। लोगों को इन बीमारी से बचने के लिए शुद्ध पानी और खाद्य सामग्री का प्रयोग करना चाहिए।