पिथौरागढ़ जिले में झमाझम बारिश से जनजीवन प्रभावित रहा। जगह-जगह जलभराव होने से शुरुआती बारिश ने सिस्टम के दावों की पोल खोली। जिला मुख्यालय सहित जिले के मुवानी, बंगापानी और अन्य क्षेत्रों में शनिवार देर शाम गरज के साथ तेज बारिश हुई। जिला मुख्यालय और इसके आसपास के इलाकों में ओलावृष्टि से जनजीवन प्रभावित रहा। ओले गिरने से फसल और बागवानी को भी नुकसान पहुंचा है। शुरुआती बारिश ने ही नगर के ड्रेनेज सिस्टम की पोल खोली है। पुरानी बाजार में नालियां चोक होने से त्रिभुवन लाल शाह सहित आसपास के कई लोगों के घरों में पानी घुस गया। पुरानी बाजार में रास्ते में पानी नाले की तरह बहने लगा। वहीं नाली निकास न होने से पिथौरागढ़-धारचूला हाईवे पर रई, पंडा, पलेटा सहित अन्य जगहों पर जलभराव होने से वाहन चालक और यात्री परेशान रहे। बारिश और ओलावृष्टि से तापमान में भी गिरावट आई इससे ठंड का असर बढ़ गया।