जब भी कांग्रेस की सरकार रही संविधान काे कुचलकर रख दिया गया। कांग्रेस ने संविधान का उपयोग अपनी आइडियोलॉजी और गांधी परिवार के लिए किया। भाजपा संविधान की रक्षक है। यह बात भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी ने मंगलवार को भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता में कही। प्रदेश प्रवक्ता जोशी ने कहा कि कांग्रेस संविधान बचाओ के नाम पर रैली करने जा रही है जबकि कांग्रेस ने हमेशा संविधान को कुचलने का काम किया है। कांग्रेस के शासनकाल में जब आपातकाल लगाया तक नागरिकों के अधिकारों का हनन कर उन्हें जेल में ठूंसा गया। एक महिला ने जब 120 रुपये गुजारा भत्ता मांगा तो कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश को ही बदल दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे सैकड़ों उदाहरण हैं जब सत्ता में रहते हुए कांग्रेस ने संविधान को कुचला है। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस को लगता है कि गांधी परिवार पर शिकंजा कस रहा है तो संविधान बचाने की बात कही जा रही है। प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि यह संविधान बचाओ नहीं बल्कि गांधी परिवार बचाओ यात्रा है। वहां दायित्वधारी गणेश भंडारी, पूर्व विधायक चंद्रा पंत, उपाध्यक्ष इंदर लुंठी, रघुवीर सिंह आदि कार्यकर्ता थे।