पूर्व केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि कार्यकर्ताओं की साधना, समर्पण और मेहनत के बलबूते ही भारतीय जनता पार्टी आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने बहुत कम समय में ही वह ऊंचाई हासिल की है, जिसकी कल्पना भी कठिन थी। रविवार को जीएमवीएन सभागार में पत्रकारों से बात करते हुए निशंक ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने उत्तराखंड राज्य का निर्माण किया था, जबकि इसे संवारने और विकास की नई दिशा देने का कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्पष्ट विजन और मजबूत विचारधारा के कारण भाजपा आज देश की जनता की पहली पसंद बन चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आज विश्व के अग्रणी देशों में शामिल हो रहा है। आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा एक बार फिर जीत दर्ज करेगी। क्योंकि भाजपा के विकास कार्यों और दूरदर्शी सोच के चलते विपक्षी दल कमजोर पड़ गए हैं। प्रदेश की कानून व्यवस्था के संबंध में उन्होंने कहा कि उत्तराखंड एक शांतिप्रिय राज्य है और राज्य सरकार कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है, हालांकि विकास के साथ कुछ असामाजिक तत्व सक्रिय हो जाते हैं, जिनसे सतर्क रहने की जरूरत है।