अखिल भारतीय ग्रामीण डाक सेवक संघ ने दो सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्य डाकघर पौड़ी में सांकेतिक धरना देकर प्रदर्शन किया। उन्होंने ग्रामीण डाक सेवकों को आठवें वेतन आयोग में शामिल करने और खाते खुलवाने के लिए दिए जाने वाले लक्ष्यों के नाम पर उत्पीड़न बंद करने की मांग उठाई। बृहस्पतिवार को मंडलीय अध्यक्ष विजय नैथानी की अगुवाई में डाक सेवकों ने डाकघर में प्रदर्शन करते हुए आरोप लगाए कि विभागीय अधिकारी ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न बचत योजनाओं के लिए खाते खुलवाने के लिए उनका उत्पीड़न कर रहे हैं। बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में पलायन के चलते लोग ही नहीं मिल रहे। ऐसे में विभाग उन पर हर महीने लक्ष्य देकर उत्पीड़न कर रहा है। यह भी आरोप लगाया कि अधिकारी उन्हें लक्ष्य पूरा नहीं होने पर नौकरी से हटाने की भी धमकी दे रहे हैं। ऐसे में डाक सेवकों की मानसिक स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रह है। चेतावनी दी कि उत्पीड़न और धमकी देना बंद नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। बताया कि इसी संबंध में आगामी 4 नवंबर को देहरादून में भी डाक सेवकों का आंदोलन प्रस्तावित है।