हल्द्वानी में निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मंगलवार से हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम क्षेत्र के मेयर और पार्षदों के नामांकन पत्रों की जांच का काम शुरू हो गया है। सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय में मेयर पद के लिए और तहसील में पार्षद पदों के नामांकन पत्रों की जांच हो रही है। सिटी मजिस्ट्रेट और निर्वाचन अधिकारी एपी बाजपेयी ने बताया कि मेयर के लिए दाखिल किए गए सभी 12 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र जांच में सही मिले हैं। पार्षद पद के लिए नामांकन पत्रों की जांच कर रहे उपजिलाधिकारी व निर्वाचन अधिकारी परितोष वर्मा ने बताया कि साठ वार्डों में पार्षद के लिए 267 नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं। नामांकन पत्रों की जांच अभी चल रही है। बुधवार को भी नामांकन पत्रों की जांच होगी।