नैनीताल। शहर की सफाई व्यवस्था एवं कूड़ा उठान पर सवाल, स्ट्रीट लाइट की समस्या, कूड़ादान खरीद में भ्रष्टाचार समेत बिना बोर्ड सहमति के लेक ब्रिज ठेके की समयावधि बढ़ाने आदि बिंदुओं को लेकर नगर पालिका सभासदों की ओर किया जा रहा धरना प्रदर्शन मंगलवार को समाप्त हुआ। पालिकाध्यक्ष की ओर से अग्रिम बोर्ड बैठक तक निविदा प्रक्रिया को समाप्त करने के आश्वासन पर सभासद माने। चेतावनी दी है कि 15 दिन तक बोर्ड बैठक नहीं हुई तो फिर आंदोलन किया जाएगा। नगर पालिका सभासदों ने 13 सूत्रीय मांगों को लेकर बीते दिवस से सुबह दस बजे से आंदोलन शुरू किया। शुरुआत से ही इसे अनिश्चितकालीन कर दिया गया। रात्रि में पालिकाध्यक्ष एवं ईओ ने सभी 13 सूत्रीय मांगों पर जवाब बनाकर दिया, लेकिन सभासद नहीं माने। मंगलवार को पालिकाध्यक्ष डॉ.सरस्वती खेतवाल लेखाधिकारी सिद्धार्थ शर्मा के साथ धरना स्थल पर पहुंची। लिखित में सभासदों को पत्र दिया कि लेक ब्रिज की चुंगी की निविदा प्रक्रिया को आगामी बोर्ड बैठक के बाद ही सुचारू किया जाएगा। आंदोलनकारी जीतेंद्र पांडे ने पैर छूकर पालिकाध्यक्ष का सम्मान किया और आंदोलन स्थगित करने की घोषणा की। चेतावनी दी है कि 15 दिन के अंदर बोर्ड बैठक न होने पर फिर से आंदोलन को बाध्य होना पड़ेगा। इस मौके पर भगवत बोरा, अंकित चंद्रा, मनोज जगाती, सुरेंद्र कुमार, पूरन सिंह बिष्ट, राकेश पवार, रमेश प्रसाद, सपना बिष्ट, गजाला कमाल, काजल आर्या, गीता उप्रेती, लता दफौटी रहे। .... मंटू और शीतल नहीं रहे आंदोलन का हिस्सा नैनीताल। नगर पालिका सभासदों की ओर से किए जा रहे धरना प्रदर्शन में मल्लीताल बाजार वार्ड के सभासद मुकेश जोशी मंटू एवं हरिनगर की सभासद शीतल कटियार आंदोलन का हिस्सा नहीं बनी। शीतल कटियार का कहना है सफाई, बिजली समेत जनहित की हर समस्या पर वह सभासदों के साथ हैं, लेकिन लेक ब्रिज चुंगी का ठेका शीघ्र होना चाहिए। इससे पालिका की आर्थिकी बेहतर होगी। मुकेश जोशी का कहना है कि बोर्ड एक परिवार है, जिसकी मुखिया पालिकाध्यक्ष हैं। वार्ड, शहर एवं पालिका का विकास समेत परिवार की एकता उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने निजी स्तर पर इसके प्रयास भी किए हैं और आगे भी करेंगे।