भालू के हमले में महिला की मौत की खबर लगते ही बृहस्पतिवार शाम को गढ़वाल वन प्रभाग के डीएफओ महातिम यादव भी खाल्यूंडांडा वन चौकी पहुंचे। यहां उन्होंने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाबुझाकर शांत करवाया। डीएफओ ने कहा कि हमलावर भालू को ट्रैंकुलाइज करने या शूट करने के लिए मुख्यालय से अनुमति मांगी गई है। इसके लिए वन प्रभाग की ओर से पत्र भेज दिया गया है। डीएफओ ने कहा कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के निर्देश रेंज अधिकारी को दे दिए गए हैं। वन विभाग के साथ स्थानीय युवाओं की टीम भी गश्त में मदद करेगी। कहा कि नियमानुसार मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। डीएफओ को क्षेत्र में बढ़ते वन्यजीव संघर्ष को लेकर लोगों का आक्रोश भी झेलना पड़ा। समाज सेवी व कांग्रेस नेता रघुवीर बिष्ट ने उन्हें क्षेत्रवासियों की ओर से ज्ञापन सौंपा।