रानीपुर पुलिस ने शहर में शोर और यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। शुक्रवार को पुलिस ने एक मॉडिफाइड साइलेंसर लगी बुलेट को पकड़कर सीज कर दिया। 21 हजार का चालान काटा गया। कोतवाली प्रभारी शांति कुमार गंगवार ने बताया कि 9 जनवरी को सलेमपुर तिराहा पर चेकिंग के दौरान एक बुलेट सवार युवक पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगा। टीम ने किसी तरह उसे पकड़ लिया। जांच में पाया गया कि बुलेट में रैट्रो/मॉडिफाइड साइलेंसर लगा हुआ था, जिससे अत्यधिक शोर हो रहा था। वाहन चालक की पहचान विकास चौहान निवासी ग्राम सलेमपुर, कोतवाली रानीपुर के रूप में हुई। यातायात नियमों के उल्लंघन पर मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत 21 हजार का चालान काटते हुए बुलेट को सीज कर दिया। चालक को भी सख्त हिदायत दी गई। बताया कि इस तरह के मॉडिफाइड साइलेंसर न केवल कानून के खिलाफ हैं, बल्कि आम लोगों, बुजुर्गों और बच्चों के लिए भी परेशानी का कारण बनते हैं। नियमों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।