बागेश्वर जिले में नुमाइशखेत मैदान से गुजरने वाले रास्ते को खोलने की मांग तेज हो गई है। चंडिका वार्ड के लोगों ने रास्ता बंद किए जाने के विरोध में कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। डीएम को ज्ञापन देकर जल्द रास्ता खुलवाने की मांग की। बुधवार को वार्ड निवासियों ने डीएम को दिए ज्ञापन में बताया कि नुमाइशखेत मैदान से जाने वाले मार्ग को नगरपालिका ने बंद कर दिया था। रास्ता बंद करने से लोगों का अपने घरों तक वाहन ले जाना बंद हो गया। मजबूरन वाहन सड़क पर खड़े करने पड़ रहे हैं। रसोई गैस का सिलिंडर भरवाने और पानी का टैंकर आने पर पानी भरने के लिए सड़क पर जाना पड़ता है। बताया कि नुमाइशखेत मैदान में अक्सर बड़े आयोजन होते रहते हैं। इन कार्यक्रमों में आने वाले अतिथियों के वाहन पहले मैदान में ही पार्क हो जाते थे, अब सड़क पर वाहन खड़े करने से कई बार नुमाइशखेत-विकास भवन मार्ग पर जाम लग जाता है। जाम के कारण लोगों को आवाजाही में परेशानी होती है। मरीजों को लाने-ले जाने में परेशानी होती है। नुमाइशखेत मैदान से लगे मैरिज हॉल और अन्य आयोजनकर्ताओं को भी नुकसान हो रहा है। क्षेत्रवासियों ने जल्द समस्या का संज्ञान लेकर नुमाइशखेत मैदान से बने मार्ग को खुलवाने की मांग की। इस मौके पर पुष्कर साह, मनोज कपकोटी, दीपक, लाल साह, विजय साह आदि मौजूद रहे।