बागेश्वर जिले के बैगांव-कालारौ में स्कूल और घरों के समीप बिजली के तार झूल रहे हैं। कई स्थानों पर तार पेड़ों को छूकर गुजर रहे हैं। ग्रामीणों ने तहसील परिसर में प्रदर्शन कर जल्द समस्या का निदान करने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पहले बिजली की आपूर्ति के लिए दो ट्रांसफार्मर लगाए गए थे। एक ट्रांसफार्मर खराब होने पर विभाग ने उसे दूसरे से कनेक्ट कर दिया। इस कनेक्टिविटी के कारण राइंका और आसपास बने घरों में करंट का खतरा बढ़ रहा है। तार काफी नीचे झूल रहे हैं। ग्रामीणों ने जनता दरबार में भी समस्या उठाकर जल्द समस्या का निदान करने की मांग की है। इस मौके पर राजू दानू, गोपाल दत्त जोशी, कैलाश सिंह, मंजू देवी, पुष्पा देवी, नंदी देवी आदि मौजूद रहे।