बागेश्वर जिले के कमेड़ी देवी क्षेत्र के झांकरा गांव में लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। गांव के लिए दो मार्ग बने है लेकिन दोनों बदहाल होने से वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। आक्रोशित ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन डीएम को सौंपा और जल्द समस्याओं के समाधान की मांग की। जिला मुख्यालय पहुंचे ग्रामीणों का कहना है कि गांव के लिए जल जीवन मिशन के तहत योजना बनने के बाद भी लोगों को पानी नहीं मिल रहा है। बताया कि आपदा के दौरान योजना के नल बह गए। पेयजल स्रोत भी सूख रहे हैं। जल संस्थान को समस्या बताई तो वहां से मामले को सिंचाई विभाग की तरफ ठेल दिया गया। सिंचाई विभाग का कहना है कि उनका काम केवल योजना बनाना था। अब ग्रामीण दो किमी दूर से पानी ढोकर लाने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के लिए ढपटी से झांकरा तक दो किमी सड़क बनी थी, लेकिन डामरीकरण केवल 200 मीटर ही हो पाया है। कमेड़ी-झांकरा सड़क का मिलान अब तक गांव से नहीं हो सका है। भंतोला-झांकरा सड़क पर केवल 1.5 किमी की खोदाई हो सकी है। क्षेत्र की सड़कों पर सरकार के गड्ढा मुक्त सड़क के दावे भी पूरी तरह से फेल हो रहे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि जल्द समस्याओं का निदान नहीं हुआ तो उन्हें आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा। इस मौके पर ग्राम प्रधान सरिता आर्या, पूर्व प्रधान गरीश चंद्र जोशी, भुवन चंद्र जोशी, जनार्दन जोशी, नंदा बल्लभ जोशी, फकीर राम आदि मौजूद रहे।