मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बागेश्वर जिले में अपने दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन सरयू नदी तट पर पहुंचे और वहां चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और सरकारी योजनाओं के प्रति उनके फीडबैक भी लिए।
बागनाथ मंदिर में पूजा, आध्यात्मिक पर्यटन पर जोर
सीएम धामी ने बागेश्वर स्थित बागनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर जलाभिषेक किया। उन्होंने कहा कि यह स्थान प्राचीन काल से विशेष महत्व रखता है—यहां से सरयू नदी बहती है और निकट ही पिंडारी ग्लेशियर स्थित है। धामी ने कहा कि जिले में आध्यात्मिक और धार्मिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और सरकार यहां के विकास के लिए मास्टर प्लान तैयार कर रही है। उन्होंने कीवी उत्पादन, मछली पालन और महिला समूहों द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों का भी उल्लेख किया।
खिलाड़ियों से मिले, बैडमिंटन भी खेला
रविवार सुबह सीएम धामी ने युवा एथलीटों और बच्चों से मुलाकात की।
नडोर स्टेडियम में खिलाड़ियों से संवाद के दौरान उन्होंने स्वयं बैडमिंटन खेलकर उनका उत्साह बढ़ाया। नगर भ्रमण के दौरान भी वे लोगों से मिले और उनकी समस्याएं जानीं।
जलेबी का स्वाद और जनसभा का कार्यक्रम
बागनाथ मंदिर में पूजा के बाद सीएम धामी ने बागेश्वर बाजार में स्थानीय जलेबी का स्वाद भी चखा और जलेबी विक्रेताओं से बातचीत की।
दोपहर बाद वे कपकोट के केदारेश्वर मैदान में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे।