विधानसभा चुनावों की तैयारी में जुटी सपा ने सुरक्षित विधानसभा सीटों पर अपना फोकस और बढ़ा दिया है। समाजवादी छात्रसभा की ड्रेस लॉन्च करने के बाद अब पार्टी प्रदेश की सभी सुरक्षित विधानसभा सीटों पर 'संविधान बचाओ पीडीए जन पंचायत' कार्यक्रम आयोजित करेगी। उक्त बातें समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डाॅ. सुभाष राजभर ने गुरुवार को सर्किट हाउस में एक मीडिया वक्तव्य में व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि पूरा पीडीए इस वक्त समाजवादी पार्टी के पास है। इसकी जिम्मेदारी सपा की फ्रंटल विंग समाजवादी बाबा साहब अंबेडकरवाहिनी को दी गई है। वह 12, 13 और 14 सितंबर को भदोही की औराई, वाराणसी की अजगरा और चंदौली की चकिया विधानसभा सीट पर संविधान बचाओ पीडीए जन पंचायत आयोजित करेगी। इसके बाद अभियान को दलित बहुल सामान्य सीटों तक विस्तारित किया जाएगा। सामाजिक न्याय का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। वंचित लोगों को उनके मूलभूत अधिकारों के लिए जागरूक किया जाएगा। डाॅ. सुभाष राजभर ने कहा कि भाजपा संविधान और आरक्षण विरोधी काम कर रही है। हम सनातनी हैं। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष खुद भवागन कृष्ण के वंशज है। हम पीडीए जनचाैपाल के माध्यम से संविधान बचाओ और आरक्षण बचाओ की बात करेंगे।