संस्कृति संसद में कला और संस्कृति के विविध रंगों से सजी प्रदर्शनी में देश-विदेश के कलाकारों की कलाकृतियां एवं फोटो आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। इसमें पद्मश्री दुलारी देवी की बनाई मधुबनी पेंटिंग, पद्मश्री श्याम शर्मा के हनुमान जी की पेंटिंग विशेष आकर्षण का केंद्र हैं। करीब सौ चित्रों और छाया चित्रों में काशी के घाट, रामलीला, नागनथैया, भरत मिलाप, मंदिर, शिव जी, बरसाने की होली, महाकुंभ की आभा को लोग निहारते दिखे। शिंजो आबे परिसर में लगी प्रदर्शनी में अशोक सिंघल की पेंटिंग भी थी। इसमें थाईलैंड के रुबेन तस्मार, अमेरिका के डॉ. वेनिडेक्टो रियार्स, एरिन ब्रिडेन ब्रिक तथा तुर्की की देरेया अजार अस्ता सेवर के फोटो भी दिखे। वहीं, धर्म पर आधारित रंगोली पर भी आकर्षक बनी हुई है। साथ ही संगीत के सुर, लय व ताल की सरिता भी प्रवाहित हो रही है।