काशी में आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि चार किलोमीटर की दूरी तय करने में सात घंटे से अधिक का समय लग गया। नवसंघ की मां काली की प्रतिमा की विदाई के दौरान शुक्रवार को मदनपुरा से गोदौलिया और मैदागिन तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। ढाक की हर थाप के साथ मां की प्रतिमा कदम दर कदम आगे बढ़ती रही। बंगाली समाज की महिलाओं ने पारंपरिक सिंदूर खेला की रस्म निभाकर मां को नम आंखों से विदाई दी। मां के जयकारों से पूरा रास्ता गूंजता रहा।