सुल्तानपुर के हलियापुर थाना क्षेत्र के रामपुर बबुआन गांव में 65 साल की पियारी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। रविवार को उनका शव घर में बिस्तर पर मिला। पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतका के भतीजे संजय कुमार ने गला दबाकर हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने बताया कि सुबह 6:30 बजे उन्हें फोन पर पियारी के निधन की सूचना मिली थी। संजय के मुताबिक, जब उन्होंने शव देखा तो नाक में कील नहीं थी और गले पर कालेपन का दबाव दिख रहा था। पियारी निःसंतान थीं और उनके पति रामकिशोर का पहले ही निधन हो चुका था। वह घर में अकेली रहती थीं। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि बुजुर्ग महिला की मौत उनकी 4 बीघा जमीन के विवाद से जुड़ी हो सकती है। सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि मौके पर जांच की गई, लेकिन मृतका के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। उन्होंने कहा कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मृतका के भाई शिव नारायण ने बताया कि जब उन्हें खबर मिली, तो उन्होंने घर के एक व्यक्ति को फोन किया, जिसने बताया कि पियारी अब नहीं रहीं। उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले ही उनके जीजा का निधन हुआ था, जिसके बाद पियारी घर में अकेली रह रही थीं।