सुल्तानपुर में जयसिंहपुर में मियागंज पुल पर शनिवार को वाहन और संदिग्धों की चेकिंग के दौरान जयसिंहपुर पुलिस ने दो युवकों को अवैध असलहों के साथ गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से एक 7.65 एमएम पिस्टल, एक 315 बोर का तमंचा और दोनों के जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत टीम 12 सितंबर को मियागंज पुल पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि के आधार पर दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई। उनकी पहचान दीपांजल पुत्र रामअचरज पांडेय निवासी रवनिया और सूरज यादव पुत्र हरिराम यादव निवासी मूइली के रूप में हुई। तलाशी में दीपांजल के पास से 7.65 एमएम की पिस्टल और इसी बोर का एक जिंदा कारतूस, जबकि सूरज यादव के पास से 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस मिला। पुलिस ने दोनों के खिलाफ जयसिंहपुर थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक दीपांजल के खिलाफ पहले से भी एक मुकदमा दर्ज है। कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सुशील कुमार निर्मल, कांस्टेबल अभिषेक सिंह, पंकज पासवान, अश्वनी यादव और दीनानाथ यादव शामिल रहे।