सीतापुर के थानगांव क्षेत्र में छह वर्षीय बालिका से दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने घटना के करीब 12 घंटे के भीतर मंगलवार सुबह मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस और 350 रुपये नकद बरामद हुए हैं। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने कार्रवाई करने वाली टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस के अनुसार 21 सितंबर को छह वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म की घटना के संबंध में थानगांव में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसमें बीएनएस की धारा 96/65(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 5एम/6 के तहत कार्रवाई की गई। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। मंगलवार को थानगांव पुलिस टीम ने ग्राम बेर्रा के पास आरोपी अवधराम उर्फ भोले शंकर पुत्र बुद्धा निवासी सद्दुपुर महरिया थाना सदरपुर को घेर लिया। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार किया गया।