सीतापुर में जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली मरीजों के लिए मुसीबत बनी हुई है। सोमवार को अस्पताल की ओपीडी खुलने के बाद डिजिटल एक्स-रे कराने पहुंचे मरीजों को निराशा हाथ लगी। मशीन में तकनीकी खराबी आने के कारण डिजिटल एक्स-रे की सुविधा ठप रही। इसके चलते मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ा। सबसे ज्यादा परेशानी दुर्घटना में घायल मरीजों को उठानी पड़ी। अस्पताल कर्मचारियों के मुताबिक, डिजिटल एक्स-रे मशीन में तकनीकी दिक्कत आ गई थी। इसी वजह से मरीजों की जांच नहीं हो सकी। डिजिटल एक्स-रे के लिए पहुंचे मरीज मशीन ठीक होने का इंतजार करते रहे, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। अस्पताल में एक्स-रे कराने पहुंचे अशोक, रामू कनौजिया और तीमारदार पूजा ने बताया कि वे सामान्य एक्स-रे कराने के लिए करीब तीन घंटे से इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनका नंबर नहीं आया। मरीजों का कहना था कि जांच के लिए अस्पताल में इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। डिजिटल एक्स-रे मशीन खराब होने का सबसे ज्यादा असर दुर्घटना में घायल मरीजों पर पड़ा। समय पर जांच नहीं होने से उन्हें इलाज की प्रक्रिया में परेशानी का सामना करना पड़ा। कई मरीज दोपहर तक जांच के लिए भटकते रहे। मजबूरी में कुछ मरीजों को निजी सेंटरों पर जाकर एक्स-रे कराना पड़ा। जिला अस्पताल में डिजिटल एक्स-रे मशीन की खराबी ने एक बार फिर स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मरीजों को सरकारी अस्पताल में जांच की सुविधा नहीं मिलने से आर्थिक और शारीरिक परेशानी झेलनी पड़ी।