यूपी के श्रावस्ती में कोडीनयुक्त सिरप की बिक्री का वीडियो वायरल हुआ। इसके बाद शुक्रवार को औषधि निरीक्षक व पुलिस की संयुक्त टीम ने छापा मारा। इस दौरान बदला-नासिरगंज मार्ग स्थित मेडिकल स्टोर से 558 शीशी प्रतिबंधित सिरप व 17,040 कैप्सूल बरामद हुए हैं। टीम ने बहराइच निवासी दो लोगों को गिरफ्तार किया है। एएसपी चंद्रकेश सिंह ने बताया कि बदला-नासिरगंज मार्ग स्थित बदला बैजनाथपुर गांव के एक पक्के मकान में प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना पर औषधि निरीक्षक श्रीकांत गुप्ता व हरदत्तनगर गिरंट थाना प्रभारी महिलानाथ उपाध्याय ने टीम के साथ मकान में छापा मारा। इस दौरान 100 मिलीलीटर की 437 शीशी कोडीन युक्त अनरेक्स सिरप व 121 शीशी चोको डीएक्स सीरप बरामद हुई। साथ ही 47 डिब्बों में 11,280 कैप्सूल प्रोक्जिहोम स्पास, नौ डिब्बों में 2,160 कैप्सूल सेमप्लक्स प्लस टैबलेट व छह डिब्बों में 3,600 टैबलेट अल्प्रासोन 0.5 बरामद हुआ। ये सभी सिरप व दवाएं प्रतिबंधित हैं।