शामली के बनत में हुए अंकुश हत्याकांड में पुलिस ने शनिवार को दो और आरोपियों आकाश और उसके दोस्त रविकांत को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी। उनके कब्जे से दो तमंचे, दो खोखा कारतूस और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुजफ्फरनगर की नई मंडी निवासी अंकुश की 11 नवंबर को बनत में अपनी बहन के घर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। मामले में पहले ही आरोपी जीजा अरुण और उसके पिता संजीव को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। एएसपी सुमित के अनुसार, पूछताछ में कुछ अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं।