शाहजहांपुर के ग्राम पंचायत मिश्रीपुर में जलभराव की समस्या से परेशान लोगों का सोमवार को गुस्सा फूट पड़ा। नाराज मोहल्लेवासियों ने पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे मिश्रीपुर चौराहे पर जाम लगा दिया और जिम्मेदारों के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। सड़क पर जाम लगने से आवागमन प्रभावित हो गया। सूचना पर आरसी मिशन पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। मोहल्लेवासियों के अनुसार उनकी बस्ती निचले इलाके में स्थित है। आसपास के क्षेत्रों से आने वाला पानी यहां जमा हो जाता है। रविवार रात हुई बारिश के बाद स्थिति और गंभीर हो गई। बस्ती में काफी मात्रा में पानी भरने से लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। उनका आरोप है कि जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बार बारिश में यही समस्या खड़ी हो जाती है। जलभराव से नाराज लोगों ने सोमवार को मिश्रीपुर चौराहे पर एकत्र होकर सड़क पर जाम लगा दिया। इस दौरान उन्होंने नारेबाजी करते हुए जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने और जाम खुलवाने का प्रयास किया। मोहल्लेवासियों ने जल्द जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है।