शाहजहांपुर के ददरौल विधानसभा क्षेत्र के खमरिया गांव में सोमवार को 9.23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले ग्रामीण स्टेडियम एवं ओपन जिम का शिलान्यास किया गया। प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने स्टेडियम निर्माण की आधारशिला रखी। स्टेडियम बनने से ददरौल, मदनापुर और कांट क्षेत्र के युवाओं और छात्रों को खेलकूद की बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि ग्रामीण स्टेडियम क्षेत्र के युवाओं के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे खिलाड़ियों को अभ्यास के साथ ही प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने बताया कि ओपन जिम का निर्माण दो जून 2026 से चल रहा है और इसे दो जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है। स्टेडियम तीनों ब्लॉकों के केंद्र बिंदु पर बनाया जा रहा है। कार्यक्रम में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, सांसद अरुण सागर, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष डीपीएस राठौर, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, भाजपा नेता अरुण गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख महेश पाल सिंह, श्रीदत्त शुक्ला, मुनेश्वर दयाल वर्मा, विमल सिंह, हरजीत चौहान मौजूद रहे।