शाहजहांपुर जिले में रविवार को 19 केंद्रों पर प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) शुरू हुई। परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। प्रत्येक अभ्यर्थी को बायोमीट्रिक सत्यापन और तलाशी के बाद ही केंद्र में प्रवेश दिया गया। परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले ही केंद्रों के गेट बंद कर दिए गए। रविवार सुबह पहली पाली की परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों के पहुंचने का सिलसिला आठ बजे से ही शुरू हो गया। केंद्रों पर अभ्यर्थियों की तलाशी लेने के बाद प्रवेश दिया गया। परीक्षा कक्षों और केंद्र परिसर में सीसी कैमरों के माध्यम से निगरानी की गई। व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई थी। प्रत्येक पाली में 8688 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा की निगरानी के लिए स्टेटिक, सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। नोडल अधिकारी एडीएम प्रशासन रजनीश मिश्रा ने बताया कि परीक्षा को नकलविहीन कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।