शाहजहांपुर के खुटार थाना क्षेत्र के गांव चठिया में बुधवार रात चारपाई पर सो रहे भाई-बहन को सांप ने डस लिया। परिजन दोनों बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के बजाय पहले झाड़-फूंक कराने के लिए बंडा क्षेत्र के गांव सुनासिर लेकर चले गए। वहां कोई लाभ नहीं होने पर दोनों को खुटार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। तब तक छह वर्षीय नेहा की मौत हो चुकी थी। उसके तीन वर्षीय भाई साजन का इलाज चल रहा है। घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मचा है।