शाहजहांपुर में जिला प्रशासन और युवक बिरादरी के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार रात महात्मा गांधी की जयंती पर गांधी भवन प्रेक्षागृह में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम की शुरुआत समृद्धि शुक्ला ने सरस्वती वंदना से की। इसके बाद आकृति ने एकल नृत्य, सोनम, रश्मि और अंशिका ने समूह नृत्य प्रस्तुत किया। स्तुति बाजपेयी की रामधुन ने भी खूब सराहना बटोरी। बाबा नामदेव बाल विद्या मंदिर के विद्यार्थियों ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत स्वच्छता पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया। मुख्य अतिथि बीएसए जयशंकर श्रीवास्तव ने बच्चों में देशभक्ति, अनुशासन, स्वच्छता और सेवा की भावना विकसित करने पर जोर दिया। युवक बिरादरी की क्षेत्रीय संचालक डॉ. इंदु अजनबी ने संचालन के साथ काव्य पाठ किया। महासचिव डॉ. पुनीत मनीषी ने शास्त्री के विचारों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। अंत में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान पवन कुमार सिंह, डॉ. मयंक भूषण पांडे, दीपिंदर कौर, निकहत परवीन, शिवा सक्सेना और अंकित मिश्रा मौजूद रहे।