तहसील सभागार में शनिवार को एसडीएम राजेश श्रीवास्तव की अध्यक्षता में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। इसमें सार्वजनिक रास्ते पर कब्जे, पेड़ से आवागमन बाधित होने, आवास न मिलने और खेत पर कब्जे समेत कई शिकायतें पहुंचीं। कुछ मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि अन्य शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपकर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पूरे धूनू मजरे उतरागौरी गांव निवासी कृष्ण कुमार, सतपाल, लवलेश, माया, राजेंद्र, विमलेश, रामकेवल, राजाराम और कमलेश ने संयुक्त शिकायती पत्र दिया। आरोप लगाया कि गांव के सार्वजनिक रास्ते पर एक व्यक्ति ने सबमर्सिबल पंप लगा रखा है। वह रास्ते पर ही गोबर डालता है। इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है। विरोध करने पर गाली गलौज और मारपीट पर आमादा हो जाता है। सरेनी क्षेत्र के पूरे लाउपाठक गांव निवासी प्रशांत दीक्षित, सनी शर्मा और सरिता ने रास्ते में नीम का पेड़ होने से आवागमन बाधित होने की शिकायत की। उनका कहना है कि पेड़ के कारण वाहन घरों तक नहीं पहुंच पाते। इससे मरीजों को चिकित्सा सुविधा मिलने में भी परेशानी होती है। रास्ते पर पेड़ होने से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने पेड़ हटवाने की मांग की। खीरों थाना क्षेत्र के शकुनी गांव निवासी पूनम ने आरोप लगाया कि गांव में अपात्र लोगों को आवास का लाभ दिया जा रहा है जबकि पात्र होने के बावजूद उन्हें सरकारी आवास नहीं मिला। इससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं महारानीगंज निवासी मंजू गुप्ता ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2021 में खेत का बैनामा कराया था। आरोप है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने खेत की मेड़ काटकर जमीन पर जबरन कब्जा कर लिया और जोत लिया। कई बार शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। पीड़िता ने मामले में कार्रवाई की मांग की।समाधान दिवस में तहसीलदार पवन कुमार यादव, बीडीओ विनोद कुमार मौर्य, जितेंद्र सिंह, प्रणवीर प्रताप, उमाकांत तिवारी, मनोज दीक्षित समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।