रायबरेली: डीह के टेकारीदांदू गांव स्थित टेकारी महल में हुई लाखों रुपये की चोरी का शुक्रवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। डीह पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। यह दोनों आरोपी चोर गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं। वहीं गिरोह के सरगना समेत तीन आरोपी फरार हैं। पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने पांच लाख कीमत के जेवरात समेत अन्य सामान बरामद किया है। चोरी की गई शिव-पार्वती की प्रतिमाएं समेत अन्य सामान बरामद नहीं हो पाया है। पुलिस का दावा है कि प्रतिमाएं फरार आरोपियों ने कहीं छिपाकर रख दिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। एसपी रवि कुमार ने बताया कि बीती एक अक्तूबर की रात टेकारी महल में चोरी की घटना हुई थी। चोर शिव-पार्वती की प्रतिमाएं, दो द्वारपाल की प्रतिमाएं और करीब साढ़े तीन से चार लाख रुपये नकद ले गए थे। पुराने चांदी के बर्तन, थाली, प्लेट, गिलास आदि भी चोरी हुए थे। महल की देखरेख करने वाले बृजेश कुमार श्रीवास्तव की तहरीर पर एफआईआर दर्ज की गई थी। घटना के खुलासे के लिए डीह थाना प्रभारी जितेंद्र मोहन सरोज की अगुवाई में पुलिस टीम गठित की गई थी। एसपी ने बताया कि डीह थाना क्षेत्र के बेतौरा गांव निवासी हरिकेश पासी उर्फ बगदादी, बछरावां कोतवाली क्षेत्र के थुलेंडी निवासी रिंकू को पकड़ा गया है। आरोपियों के कब्जे से प्राचीन तलवार, खंजर, चाकू के अलावा पांच लाख कीमत के जेवरात, ढाई हजार रुपये की नकदी बरामद हुई है। एसपी के मुताबिक थुलेंडी निवासी दिनेश उर्फ दन्ना गिरोह का सरगना है। दिनेश और उसके दो साथी फरार हैं। पकड़े गए आरोपी रिंकू ने पूछताछ में बताया कि उसकी मुलाकात हरिकेश से छह महीने पहले जेल में हुई थी। हरिकेश गैंगेस्टर अधिनियम मामले में जेल में बंद था। जेल से छूटने के बाद 29 सितंबर 2026 को रायबरेली में वे फिर मिले। उन्होंने दो अन्य अज्ञात व्यक्तियों के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई। गिरोह के सरगना दिनेश उर्फ दन्ना ने घटना में मुख्य भूमिका निभाई थी। उसने चोरी करने के लिए हरिकेश और रिंकू को 7,500-7,500 रुपये दिए थे। जांच में पता चला है कि सरगना ने तीन साथियों के साथ मिलकर चोरी की गई शिव-पार्वती की प्रतिमाएं, दोनों द्वारपाल की प्रतिमाएं, चांदी की थाली, प्लेट व चांदी के सिक्के कहीं छिपाकर रख दिए हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी कर इन्हें बरामद किया जाएगा।