लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार को यहां पहुंच रहे हैं। वह अपने दौरे में जिला सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक भाग लेकर जिले के विकास की नब्ज टटोलेंगे तो पार्टी पदाधिकारियों से मिलकर संगठन के कामकाज का सच जानेंगे। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले राहुल का रायबरेली का यह दौरा अहम माना जा रहा है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मंगलवार शाम कै रायबरेली पहुंचेंगे। शिवगढ़ के गुमावां चौराहा पर उनका स्वागत कार्यक्रम होगा। साथ ही हलोर व महराजगंज में वह सभा करेंगे। इसके बाद शहर के प्रभुटाउन पहुंचेंगे। रात में भुएमऊ गेस्ट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान 2025 में हुई दिशा की बैठक के दौरान जिन 83 विकास के मामलों में उन्होंने कार्रवाई की बात कही थी, उस पर प्रशासन ने क्या कार्रवाई की है। इसका फीडबैक लेंगे। साथ ही जनजीवन मिशन की खस्ताहाल दशा पर भी जानकारी लेंगे। बुधवार को राहुल गांधी दिशा की बैठक में हिस्सा लेंगे।