रायबरेली में जिला खेल कार्यालय ने मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में शनिवार को खेल दिवस पर 14 वर्षीय बालकों की जिला स्तरीय हाँकी प्रतियोगिता का आयोजन किया। प्रतियोगिता में जिलेभर की छह टीमों ने भाग लिया, जिनमें शामिल 92 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। फाइनल मुकाबले में वैदिक इंटर कालेज की टीम ने जीत हासिल की, जबकि खेलो इंडिया सेंटर को उप विजेता घोषित किया गया। पहला मैच स्टेडियम और खेलो इंडिया सेंटर के मध्य हुआ, जिसमें 2-1 से खेलो इंडिया सेंटर ने जीत हासिल की। दूसरे मैच में हरचंदपुर ब्लाॅक टीम ने सदर रायबरेली टीम को 1-0 से पराजित किया। तीसरे मैच में वैदिक इंटर कॉलेज और राही ब्लॉक की टीमें आपस में भिड़ीं। इसमें वैदिक इंटर काॅलेज ने 2-0 से जीत हासिल की। सभी टीमों ने एक-एक मैच खेला, जिनमें सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली टीमों खेलों इंडिया सेंटर और वैदिक इंटर कॉलेज के बीच फाइनल मैच कराया गया। फाइनल मैच काफी रोमांचक रहा। अंतिम पलों तक हार-जीत को लेकर कयास लगाए जाते रहे। दोनों टीमें एक-दूसरे को परास्त करने में लगी रहीं। अंतिम समय में वैदिक इंटर काॅलेज की टीम ने 3-2 से जीत हासिल कर खिताब अपने नाम किया। खेल इंडिया सेंटर की टीम उप विजेता रही। प्रतियोगिता में रेफरी की भूमिका किरन कुमारी, सक्षम सिंह, रौनक सोनकर, राधिका कश्यप, संजना सोनकर, शोएब, अश्वनी चंद्रा और पिंकू कुमार ने निभाई। राष्ट्रीय खेल दिवस पर मोतीलाल नेहरू स्टेडियम परिसर में 28 से 31 अगस्त तक खेलकूद मुकाबले कराए जा रहे हैं। शनिवार को पास द बॉल प्रतियोगिता हुई। इसमें 43 खिलाडियों ने भाग लिया। प्रथम स्थान धर्मवीर यादव, द्वितीय स्थान अनुभव यादव, तृतीय स्थान रक्षित सिंह, चतुर्थ स्थान सिद्धार्थ सोनकर और पंचम स्थान व्योम जायसवाल को मिला। प्रतियोगिता में मेरा युवा भारत ने भी सहयोग किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन एवं समापन पर पुरस्कार वितरण भाजपा के जिला महामंत्री अनुज मौर्या एवं उपाध्यक्ष अभिषेक वर्मा ने किया। जिला क्रीड़ा अधिकारी धीरेंद्र कुमार पुरूषोत्तम ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया। इस मौके पर वर्तिका सिंह, बाबूलाल, मंजू, नरेश कुमार निषाद आदि मौजूद रहे।