रायबरेली: क्षेत्र में संचालित साधन सहकारी समितियों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। सचिवों की हड़ताल समाप्त होने के बाद बुधवार को समितियों के ताले खोले गए। लेकिन डीएपी खाद उपलब्ध न होने के कारण वहां कोई गतिविधि नहीं दिखी। साधन सहकारी समिति बारा प्रथम को राजकीय धान क्रय केंद्र बनाया गया है। किसानों से 15 हजार कुंतल धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विभाग से अभी तक बोरियां नहीं भेजी गई हैं, जिससे धान खरीद का कार्य पूरी तरह रुका है। सचिव विश्वनाथ तिवारी ने बताया कि बोरियां आने के बाद ही धान खरीद शुरू होगी। समिति पर 400 बोरी एनपीके खाद और 250 बोरी यूरिया का भंडार उपलब्ध है। इनके वितरण के बाद डीएपी खाद की खेप मंगाई जाएगी।