फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रायबरेली में गेहूं के बीज के लिए सुबह 8 बजे से लाइन में लगे किसान, रसूखदारों को पहले देने पर हंगामा

रायबरेली में विकास खंड छतोह स्थित सहकारी बीज भंडार पर गेहूं का बीज लेने के लिए किसानों की भीड़ उमड़ रही है। मंगलवार को किसान सुबह 08 बजे से ही बीज लेने के लिए लाइन में लग गए। लेकिन बीज भंडार का ताला सुबह 10 बजे खुला। इसके बाद इंचार्ज भगवान दीन ने किसानों के कागजात जमा कराने शुरू किए। इसी बीच कुछ रसूखदार किसानों के लाइन से हटकर बीज लेने पर अन्य किसानों ने हंगामा शुरू कर दिया। किसानों ने भेदभाव का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। मौके पर मौजूद सहायक तकनीकी प्रबंधक हरिकरन शर्मा और शिव प्रकाश तिवारी ने किसानों को समझा-बुझाकर शांत कराया। चतुरपुर निवासी किसान रणविजय सिंह ने बताया कि वह सुबह आठ बजे से लाइन में खड़े हैं, लेकिन अभी तक उन्हें बीज नहीं मिला है। उनके बाद आने वाले कुछ किसानों को बीज दे दिया गया। इससे लाइन में लगे किसानों को परेशानी हो रही है। बेवल गांव के रामकिशुन ने बताया कि उन्होंने दो माह पहले गेहूं के बीज की ऑनलाइन बुकिंग कराई थी। इसके बावजूद दो दिनों से बीज के लिए परेशान होना पड़ रहा है। पदुमपुर के किसान जयकरन ने बताया कि उन्होंने मटर और सरसों के बीज की बुकिंग कराई थी, लेकिन एक सप्ताह से चक्कर लगाने के बाद भी बीज नहीं मिल पा रहा है। किसानों ने बताया कि बीज भंडार से एक बोरी गेहूं का बीज और एक किलोग्राम ट्राइकोडर्मा कुल 1050 रुपये में दिया जा रहा है। समय से बीज नहीं मिलने के कारण किसानों को गेहूं की बुवाई प्रभावित होने की चिंता सता रही है। इस संबंध में बीज भंडार के इंचार्ज भगवान दीन ने बताया कि किसानों ने 936 क्विंटल गेहूं के बीज की ऑनलाइन बुकिंग कराई थी, जबकि विभाग की ओर से मात्र 376 क्विंटल बीज ही उपलब्ध कराया गया है। जिन किसानों ने ऑनलाइन बुकिंग कराई है, उन्हें उपलब्धता के अनुसार बीज वितरित किया जा रहा है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें