पीलीभीत टाइगर रिजर्व के जंगल में एक बार फिर पर्यटकों की चहल-पहल शुरू हो गई। रविवार को वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने मुस्तफाबाद गेट पर हवन-पूजन के साथ नए पर्यटन सत्र का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने सफारी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर जंगल के लिए रवाना किया। पहले दिन 21 सफारी वाहनों से पर्यटकों और स्कूली बच्चों को निशुल्क जंगल की सैर कराई गई। दिल्ली, लखनऊ समेत विभिन्न शहरों से पहुंचे सैलानियों ने जंगल की प्राकृतिक खूबसूरती के बीच वन्यजीवों के दीदार किए। नए पर्यटन सत्र के पहले दिन ही पर्यटकों की आमद से पर्यटन कारोबारियों के चेहरे भी खिल उठे। दूसरे दिन भी सैलानी जंगल सफारी के लिए पहुंचे। पर्यटकों ने निर्धारित समय पर सफारी वाहनों से जंगल की सैर की। इस दौरान वन्यजीवों के दीदार की उम्मीद के साथ सैलानियों में खासा उत्साह नजर आया। वन विभाग की ओर से सफारी को लेकर जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। अधिकारियों के मुताबिक, आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।