पीलीभीत के बिलसंडा थाना क्षेत्र के गांव परेवा तुर्राह में कच्चे मकान की टीन गिरने से एक परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल होने पर सभी को जिला अस्पताल में रेफर कर दिया गया। गांव परेवा तुर्राह निवासी रिंकू ने बताया कि उनका कच्चे मकान पर टीनशेड पड़ी हुई थी। मंगलवार की रात को ख़ाना खाने के बाद टीन के नीचे सोने चले गए । रात करीब 10 बजे कच्ची दीवारें ढह गईं और भारी टीनशेड सीधे सो रहे लोगों पर आ गिरी। हादसे में धर्मपाल, चमेली देवी, आरती, सुशीला देवी और नत्थू समेत परिवार के पांचों लोग मलबे में दब गए। देर रात हुए हादसे के बाद गांव में हड़कंप मच गया। शोर शराबा सुनकर गांव के लोग एकत्र हो गए और सभी को निकालने के बाद सीएचसी में भर्ती कराया । इसके बाद गंभीर हालत होने पर सभी जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।