बुधवार रात यूपी के पीलीभीत स्थित दियोरियाकला थाना के बड़ेपुरा कुसुमा गांव के जिन घरों से रोजी-रोटी कमाने की उम्मीद लेकर 11 मजदूर हरियाणा के लिए निकले थे, शुक्रवार शाम तक उन्हीं घरों में खुशियों की जगह मातम पसर गया। सोनीपत में हुए भीषण सड़क हादसे ने पांच परिवारों की दुनिया उजाड़ दी। घर से विदा करते समय परिजनों ने सपने में भी नहीं सोचा था कि जिन अपनों के सकुशल लौटने की प्रतीक्षा होगी, उनकी जगह कुछ घंटों बाद एंबुलेंस से उनके शव पहुंचेंगे। बच्चों को पिता के लौटने का इंतजार था, पत्नियों ने मुस्कुराकर विदा किया था और बुजुर्ग माता-पिता ने सकुशल वापसी की दुआ की थी, लेकिन हादसे की खबर ने सारी उम्मीदें तोड़ दीं।