पीलीभीत जिले के किसानों को बासमती धान और जैविक खेती के क्षेत्र में नई तकनीक, उन्नत बीज तथा अनुसंधान की सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। मझोला-न्यूरिया क्षेत्र के टांडा बिजौसी में बासमती एवं जैविक प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना की जाएगी। इससे स्थानीय कृषकों को खेती की आधुनिक विधियों का प्रशिक्षण मिलने के साथ उत्पादन और गुणवत्ता बढ़ाने में मदद मिलेगी। केंद्र का शिलान्यास नौ सितंबर को राजकीय इंटर कॉलेज न्यूरिया हुसैनपुर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद व प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही, प्रभारी मंत्री बलदेव सिंह औलख की मौजूदगी में किया जाएगा।