मेरठ। शास्त्रीनगर में ध्वस्तीकरण के विरोध में संयुक्त मेरठ बचाओ संघर्ष समिति की ओर से किए गए मेरठ बंद को लेकर दिनभर व्यापारियों ने प्रचार किया। शहर से लेकर देहात तक प्रचार वाहनों से प्रचार कर बंद की अपील की गई। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की ओर से भी समर्थन दे दिया गया। ऐसे में निजी चिकित्सकों की ओपीडी बुधवार को बंद रहेगी। वहीं आवास एवं विकास परिषद कार्यालय में प्रदर्शन के लिए लगाए गए टेंट पर पुलिस हरकत में आ गई और टेंट के पर्दे उतरवा दिए। समिति के लोगों की पुलिस से जमकर नोकझोंक हुई। सीओ सिविल लाइन विश्व ज्योति राय ने बताया कि सड़क पर टेंट लगाया गया था। इससे मार्ग बाधित होता और जाम लगने से लोगों को परेशानी होती। ऐसा कोई कार्य नहीं करने दिया जाएगा, जिससे आमजन को परेशानी हो।